संपत्ति के लालच में रिश्तों का कत्ल: भतीजे ने चाची पर किया जानलेवा हमला, काट डाली जीभ

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : जमशेदपुर के चाकुलिया थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे आमडांगरा गांव में एक युवक ने अपनी बुजुर्ग चाची की संपत्ति हड़पने के लिए उन पर जानलेवा हमला किया और उनकी जीभ काट दी। घायल महिला मोनी मांडी (64 वर्ष) को गंभीर हालत में झाड़ग्राम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के पीछे की कहानी बेहद शातिर और डरावनी है। ग्रामीणों के अनुसार, घायल महिला और उनके पति कुंवर मांडी की तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, लेकिन उनका कोई बेटा नहीं है। इसी का फायदा उठाने के लिए उनके भतीजे रूपचांद मांडी ने एक साजिश रची। उसने सोचा कि अगर वह चाची की हत्या कर देता है और शक चाचा पर जाता है, तो चाचा जेल चले जाएंगे और पूरी संपत्ति उसके नाम हो जाएगी। 12 फरवरी को जब चाचा घर पर नहीं थे, तब आरोपी ने घर में सांप होने का बहाना बनाकर चाची को कोने में बुलाया और कटारी से हमला कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद तीन दिनों तक गांव की पंचायत में मामले को दबाने और सुलझाने की कोशिश की गई। जब वहां कोई समाधान नहीं निकला, तब सोमवार को पीड़ित पति ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराई। चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी रूपचांद मांडी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Share This Article