धनबाद–भूली रेलखंड पर रेल सुरक्षा बल ने ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की सामग्री चोरी करते हुए दो चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जबकि चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना किमी पोल संख्या 271/34–36 के बीच की है, जहां देर रात रेलवे लाइन से M.S. ब्रैकेट, नट-बोल्ट और वॉशर खोलकर चोरी की गई थी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद RPF की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी शुरू की।
रात के अंधेरे में पकड़े गए चोर
करीब रात 3:30 बजे, दो युवक झाड़ियों से एक बोरा लेकर निकलते दिखाई दिए। घेराबंदी कर जब उन्हें पकड़ा गया तो बोरे से रेलवे का सामान बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान
मो. यासीन उर्फ मुन्ना, मो. सद्दाम हुसैन उर्फ नौशाद के रूप में बताई।
कबूलनामा: पहले भी बेच चुके थे चोरी का माल
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रेंच की मदद से रेलवे लाइन से सामान खोला था। चोरी के कुछ ब्रैकेट वे पहले ही भूली मोड़ स्थित एक कबाड़ी को बेच चुके थे।
कबाड़ी की दुकान से भी बरामदगी
आरोपियों की निशानदेही पर RPF ने सुबह भूली मोड़ स्थित कबाड़ी दुकान पर छापेमारी की। दुकान से रेलवे के दो ब्रैकेट बरामद किए गए। कबाड़ी मो. समसाद ने भी चोरी का सामान खरीदने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला दर्ज, जांच शुरू
तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3 RP (UP) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार कबाड़ी मो. समसाद पर पहले भी इसी तरह का मामला दर्ज रह चुका है।

