पटना नीट छात्रा केस: सीबीआई की हिरासत में पीड़िता का भाई, दोबारा पूछताछ के बाद उठाया

Neelam
By Neelam
4 Min Read

पटना नीट छात्रा मौत मामले में सीबीआई ने पीड़िता के भाई को अपनी हिरासत में ले लिया है। सीबीआई की टीम ने इससे पहले उसका मोबाइल जब्त कर लिया था। इसके एक दिन बार सीबीआई ने उसे हिरासत में ले लिया है।

तीन दिनों में दूसरी बार जहानाबाद पहुंची सीबीआई

राजधानी पटना में नीट की छात्रा की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में सीबीआई ने अपनी जाँच तेज कर दी है। सीबीआई की टीम तीन दिनों में दूसरी बार छात्रा के घर जहानाबाद पहुंची थी। पिछले रविवार को सीबीआई की टीम ने जहानाबाद में नीट छात्रा के पैतृक घर जहानाबाद पहुंची, जहां उसके परिजनों से विस्तृत पूछताछ किया गया था। मंगलवार को फिर से सीबीआई की टीम छात्रा के गंव पतियावा पहुँची और एक बार फिर से परिजनों से काफी देर तक अलग अलग बिन्दु पर जानकारी इकट्ठा की है।

नीट छात्रा के भाई को पटना ले गई सीबीआई टीम

जानकारी मिल रही है कि छात्रा के भाई से लंबी पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम भाई को अपने साथ पटना लेकर गई है। कहा जा रहा है कि सीबीआई की टीम उससे अब पटना में पूछताछ करेगी। हालांकि, CBI की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

पीड़ित परिवार को मिल रही धमकी

इस बीच, जहानाबाद में परिवार के घर के पास एक और धमकी भरा नोट मिलने से परिवार डर गया है। हाथ से लिखे नोट में कथित तौर पर लिखा है, ‘न मानोगे…बेटी गई, बेटा भी मरेगा दो दिन में।’ ये धमकी भरा पर्चा सफेद कागज में नीली स्याही से हाथ से लिखा गया था। परिवार वालों ने कहा कि यह दूसरी ऐसी धमकी है; इससे पहले 14 फरवरी को उनके घर के बाहर ऐसा ही एक नोट फेंका गया था। उनके अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद, कथित तौर पर गांव के किसी व्यक्ति ने घर के बाहर फिर से नोट फेंका। बार-बार मिल रही धमकियों ने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। शकुराबाद पुलिस स्टेशन से लोकल पुलिस को अब घर पर तैनात कर दिया गया है।

क्या है मामला

बता दें कि 6 जनवरी को पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में छात्रा बेहोश पाई गई। आनन-फानन में छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 11 जनवरी को इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई।पीड़िता के परिजनों ने रेप के बाद छात्रा की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस पर उन लोगों ने पूरे मामले को रफा दफा करने का आरोप लगाया था। दरअसल, यह विवाद पुलिस के बयान के बाद से ही शुरू हुआ। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही थी, लेकिन छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट जब आई तो उसमें यौन उत्पीड़न की बात सामने आई। बिहार पुलिस द्वारा गठित SIT की जांच में छात्रा के कपड़ों से पुरुष के वीर्य के नमूने मिले, जिससे दुष्कर्म और हत्या की आशंका प्रबल हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी।

Share This Article