रामगढ़ जिला नाई समिति ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि मनाई

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़। रामगढ़ जिला नाई समिति के तत्वावधान में स्थानीय स्टेप बाय स्टेप स्कूल, रामगढ़ के प्रांगण में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामगढ़ जिला नाई समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर पूर्णकांत कुमार ठाकुर ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष प्रोफेसर पूर्णकांत कुमार ठाकुर द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर नमन के साथ हुई। इसके पश्चात समिति के कोषाध्यक्ष प्रोफेसर प्रणीत कुमार ठाकुर, उपाध्यक्ष नूतन आनंद ठाकुर, मणि शंकर ठाकुर, सुजीत ठाकुर एवं अनूप ठाकुर ने संयुक्त रूप से माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में अध्यक्ष प्रोफेसर पूर्णकांत कुमार ठाकुर ने कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर गरीबों के मसीहा और जन-जन के नेता थे। कोषाध्यक्ष प्रोफेसर प्रणीत कुमार ठाकुर ने उन्हें “गुदड़ी के लाल” बताते हुए समाज को उनके महान विचारों, त्याग और परिश्रम से अवगत कराया। उपाध्यक्ष नूतन आनंद ठाकुर ने कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक उत्थान संभव है। मणि शंकर ठाकुर ने जननायक के आदर्शों को आज के समय में और भी प्रासंगिक बताया। सुजीत कुमार ठाकुर ने कहा कि दलित समाज से निकलकर उन्होंने सभी वर्गों का सम्मान प्राप्त किया। अनूप ठाकुर ने भी उनके विचारों को अपनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर प्रणीत कुमार ठाकुर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुजीत कुमार ठाकुर द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....