Jamshedpur: बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, टाटा पावर ने दरों में कटौती का रखा प्रस्ताव, बुनियादी ढांचे पर खर्च होंगे 70 करोड़

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :शहर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। टाटा पावर ने बिजली की दरों में 20 पैसे प्रति यूनिट तक की कटौती का प्रस्ताव दिया है। यह प्रस्ताव गोलमुरी क्लब में झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (JSERC) द्वारा आयोजित जनसुनवाई के दौरान रखा गया।

बिजली बिल में कितनी होगी बचत?
टाटा पावर ने अपने ‘मल्टी ईयर टैरिफ’ प्रस्ताव में लागत कम होने का हवाला देते हुए उपभोक्ताओं को सीधा फायदा देने की बात कही है।

यूनिट-2: एनर्जी चार्ज में 20 पैसे प्रति यूनिट की कमी का प्रस्ताव।

यूनिट-3: एनर्जी चार्ज में 14 पैसे प्रति यूनिट की कमी का प्रस्ताव।

कंपनी के अनुसार ‘शक्ति कोल’ के इस्तेमाल से बिजली उत्पादन की लागत में कमी आई है, जिसका लाभ अब जनता को देने की तैयारी है।

बुनियादी ढांचे के लिए 70 करोड़ का मास्टर प्लान
टाटा पावर ने भविष्य की ऊर्जा जरूरतों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी पांच वर्षों (2026-27 से 2030-31) के लिए 70 करोड़ रुपये के निवेश का खाका पेश किया है। इस बजट का उपयोग मुख्य रूप से इन कार्यों के लिए होगा।

जोजोबेड़ा यूनिट 2 और 3 का आधुनिकीकरण।

प्लांट की सुरक्षा और उपकरणों का अपग्रेडेशन।

पर्यावरण नियमों के पालन के लिए ऐश कन्वेयिंग पाइप और अन्य तकनीकी सुधार।

स्थानीय लोगों ने उठाए प्रदूषण और सुरक्षा के मुद्दे
जनसुनवाई के दौरान स्थानीय निवासियों ने अपनी शिकायतें और सुझाव भी आयोग के सामने रखे।

प्रदूषण की समस्या: स्थानीय निवासी दिलीप सिंह ने बताया कि कंपनी की पाइप लाइन फटने से इलाके में काफी परेशानी होती है और कांधी मिल के आसपास प्रदूषण का स्तर बहुत अधिक है।

फ्लाई ऐश की दिक्कत: नारायण चंद्र ने शिकायत की कि छतों पर इतनी ज्यादा फ्लाई ऐश गिरती है कि लोगों का घर में रहना और सोना मुश्किल हो गया है।

खर्च का भौतिक सत्यापन: राजेश सिंह ने मांग की कि कंपनी द्वारा बुनियादी ढांचे और अपग्रेडेशन पर किए जा रहे खर्च का जमीन पर भौतिक सत्यापन होना चाहिए।

आयोग के चेयरमैन नवनीत कुमार और विधिक सदस्य महेंद्र प्रसाद की मौजूदगी में हुई इस सुनवाई के बाद अब आयोग इन प्रस्तावों और आपत्तियों पर विचार करेगा, जिसके बाद नई दरों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Share This Article