मानव–वन्यजीव संघर्ष पीड़ितों के लिए न्याय की राह आसान, नालसा योजना–2025 के तहत पूर्वी टुंडी में विधिक जागरूकता अभियान

KK Sagar
2 Min Read

पूर्वी टुंडी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा संचालित “मानव–वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों के लिए न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने” योजना–2025 के तहत पूर्वी टुंडी प्रखंड के रूपन पंचायत अंतर्गत पहाड़ी गांव जमडीहा में व्यापक विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), धनबाद के तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धनबाद बाल कृष्ण तिवारी तथा सचिव डालसा मयंक तुषार टोपनो के निर्देशानुसार अधिकार मित्र ओमप्रकाश दास, रिबुती मरांडी एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों को मानव–वन्यजीव संघर्ष से जुड़े कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकार मित्रों ने बताया कि जंगली जानवरों के हमले से यदि जनहानि, फसल क्षति या संपत्ति का नुकसान होता है, तो पीड़ित परिवार सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा पाने का पूर्ण अधिकार रखता है। साथ ही, ऐसे मामलों में निःशुल्क विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।

ग्रामीणों को मुआवजा प्राप्त करने की आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा संबंधित विभागों से संपर्क के तरीकों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। इसके अलावा, किसी भी घटना की सूचना देने एवं सहायता प्राप्त करने के लिए नालसा द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम से प्रभावित पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी और जनहितकारी बताया। ग्रामीणों का कहना था कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें अपने अधिकारों की सही जानकारी मिलती है और न्याय तक पहुंच आसान होती है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....