बलियापुर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं कल्पना सोरेन, स्व. डॉ बुद्धदेव महतो के श्राद्ध कार्यक्रम में हुए शामिल

KK Sagar
3 Min Read

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मुर्मू आज बलियापुर पहुंचे। वे सिंदरी विधानसभा के चार बार विधायक रहे आनंद महतो के सबसे छोटे सुपुत्र एवं सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के छोटे भाई स्वर्गीय डॉ बुद्धदेव महतो के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री और विधायक गांडेय रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा बलियापुर पहुंचे। बलियापुर हवाई पट्टी पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री और विधायक गांडेय ग्राम बड़ादाहा स्थित विधायक आवास पहुंचे, जहां सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने उनका स्वागत किया। यहां उन्होंने दिवंगत डॉ बुद्धदेव महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को दुःख सहने की शक्ति देने की कामना की। इसके बाद वे श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए।

विधायक आवास पर करीब आधे घंटे रुकने के बाद मुख्यमंत्री और विधायक गांडेय पुनः बलियापुर हवाई पट्टी पहुंचे, जहां गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें विदाई दी गई।

स्वर्गीय डॉ बुद्धदेव महतो चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वे हजारीबाग टेक्निकल यूनिवर्सिटी में व्याख्याता के पद पर कार्यरत थे। वे पिछले एक वर्ष से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और 7 फरवरी 2026 को रांची में उनका निधन हो गया। वे अपने पीछे पत्नी सरिता देवी और दो पुत्र सिद्धार्थ एवं गौतम को छोड़ गए हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने हेलिपैड से लेकर विधायक आवास तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। काफिले में एडवांस वार्निंग कार, पायलट कार, तीन एस्कॉर्ट वाहन, एडवांस एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और दो क्विक रिस्पांस टीम शामिल थीं। साथ ही प्रखंड कार्यालय बलियापुर और धनबाद में जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया था।

कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीटीओ दिवाकर सी. द्विवेदी, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, एसडीपीओ सिंदरी आशुतोष सत्यम सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....