उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
90,253 छात्र-छात्राओं के आवेदन अनुमोदन हेतु स्वीकृत
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी Jiyaul Ansari ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए अब तक 90,253 छात्र-छात्राओं के आवेदनों को स्वीकृति हेतु अनुमोदित किया जा चुका है।
कम प्रगति वाले विद्यालयों से कारण पूछने के निर्देश
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने प्रत्येक विद्यालय का प्रतिशत निकालने का निर्देश दिया तथा सबसे कम प्रतिशत वाले विद्यालयों से प्रगति कम होने का कारण पूछने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
खराब प्रदर्शन वाले विद्यालयों की विशेष समीक्षा होगी
उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले 20–20 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों के साथ दूरदृश्य माध्यम से बैठक कर खराब प्रदर्शन के कारणों की जानकारी प्राप्त की जाए।
समन्वय के साथ कार्य करने पर दिया गया जोर
उपायुक्त ने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि पात्र छात्र-छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिले।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन के अलावा जिला कल्याण पदाधिकारी जियाउल अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, ट्रेजरी पदाधिकारी पंकज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय से संजीत सिंह एवं शालिनी सिन्हा उपस्थित थे।

