ब्रिटेन के AI मंत्री कनिष्क नारायण पहुंचे बिहार, दो दशक बाद जन्मभूमि पर रखा कदम

Neelam
By Neelam
3 Min Read

यूनाइटेड किंगडम (UK) के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मंत्री कनिष्क नारायण ने शनिवार को पटना में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की।

बिहार से गहरा नाता

बता दें कि कनिष्क नारायण का बिहार से गहरा नाता है। उनका जन्म इसी मिट्टी में हुआ था। कनिष्क नारायण जब 12 साल के थे तो उनके माता-पिता बेहतर फ्यूचर की तलाश में इंग्लैंड चले गए। फिर वेल्स शहर में स्थाई तौर पर बस गए। 20 साल बाद इंग्लैंड के AI मिनस्टर बनकर कनिष्क भारत लौटे।

बिजी शेड्यूल से वक्त निकालकर पहुंचे मुजफ्फरपुर

दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करते ही उनको मुजफ्फरपुर की याद सताने लगी। आखिरकार, अपने बिजी शेड्यूल से वक्त निकालकर मुजफ्फरपुर चाचा-चाची और भतीजे-भतीजियों से मिलने पहुंच ही गए।फिर शनिवार सुबह पटना पहुंचने पर उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा से मुलाकात की।

20 साल से अधिक समय बाद जन्मभूमि पर रखा कदम

लगभग दो दशकों के बाद अपनी जड़ों की ओर लौटे कनिष्क ने बिहार में हुए बुनियादी ढांचे और तकनीकी बदलावों की जमकर सराहना की। कनिष्क नारायण ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘बिहार में आकर सच में बहुत खुशी हो रही है, क्योंकि मेरा जन्म यहीं हुआ था और 20 साल से अधिक समय बाद मैं यहां वापस आया हूं। आप यहां हुई प्रगति को देख सकते हैं। हम प्रौद्योगिकी के भविष्य की ओर अग्रसर हैं, यही हम ब्रिटेन में एआई के क्षेत्र में भी करने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए बिहार में आकर मुझे सच में बहुत खुशी हो रही है।’

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में हुए शामिल 

इससे पहले कनिष्क नारायण ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के मौके पर, भारत के साथ गहरे टेक्नोलॉजिकल कोऑपरेशन की मांग की, और एक मजबूत बाइलेटरल पार्टनरशिप की नींव के तौर पर शेयर्ड एथिकल वैल्यूज और डेवलपमेंटल गोल्स का जिक्र किया। उन्होंने समिट को “बहुत असरदार” बताया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य को बनाने में इसकी वैल्यू को अहम बताया।

33 साल में बने ब्रिटेन के सांसद

कनिष्क नारायण ने मात्र 33 वर्ष की आयु में वेल्स के पहले अल्पसंख्यक सांसद के रूप में पहचान बनाई। मुजफ्फरपुर के दामुचक मोहल्ले स्थित सोंधों हाउस में जन्मे कनिष्क की शुरुआती शिक्षा प्रभात तारा स्कूल से हुई। तीसरी कक्षा के बाद वे माता चेतना सिन्हा और पिता संतोष कुमार के साथ नई दिल्ली चले गए, जहां एपीजे स्कूल से हाई स्कूल तक पढ़ाई की। 12 वर्ष की उम्र में परिवार के साथ इंग्लैंड के वेल्स पहुंचे, जहां उनके माता-पिता कार्डिफ में सॉलिसिटर के रूप में कार्यरत हैं।

Share This Article