बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाले चुनाव ने राज्य का सियासी पारा चढ़ा दिया है। संख्या बल के आधार पर एनडीए का पलड़ा भारी दिख रहा है। विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से देखें तो पांच सीटों में से चार पर तो एनडीए की जीत तय है। इन पांच सीटों में से दो नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू और दो बीजेपी के हाथ में है। इस बीच चर्चा सबसे ज्यादा चिराग पासवान की मां, रीना पासवान को लेकर हो रही थी।
चिराग ने लगाया अटकलों पर विराम
राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार से चिराग की मां रीना पासवान के उम्मीदवार बनने की चर्चा थी। अब चिराग ने खुद इन अटकलों पर विराम लगा दिया। पटना में उन्होंने साफ-साफ कहा कि उनकी मां रीना पासवान राज्यसभा चुनाव की कैंडिडेट नहीं हैं। मार्च में होने वाले राज्यसभा चुनाव में हमारी मां की कोई दावेदारी नहीं होगी।
रीना पासवान सक्रिय राजनीति में नहीं आएंगी
चिराग पासवान ने मीडिया से दो टूक शब्दों में कहा कि उनकी मां रीना पासवान सक्रिय राजनीति में नहीं आएंगी। उन्होंने मीडिया से अपील की कि इस विषय को डिबेट का हिस्सा न बनाया जाए। चिराग ने साफ किया कि एक मां के तौर पर वह उनके साथ या दिवंगत पिता के साथ मंच साझा जरूर करती रही हैं, लेकिन उनका इरादा चुनाव लड़ने या राज्यसभा जाने का बिल्कुल नहीं है।
जीत को लेकर आश्वस्त दिखे चिराग
यही नहीं, चिराग राज्यसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की जीत को लेकर काफी आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि पांच की पांच सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत होगी और इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। हालांकि, जब उनसे उपेंद्र कुशवाहा को एक सीट मिलने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने चुप्पी साधे रखी, जिससे सीटों के आंतरिक बंटवारे को लेकर सस्पेंस बरकरार है।

