डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : ‘प्रॉजेक्ट उल्लास’ के तहत मिर्गी रोगियों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क जांच, उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड के तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आज शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एम्स, नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, घोड़ाबांधा, गदरा और सुंदरनगर के शिविर में कुल 120 मरीजों की जांच कर चिकित्सीय परामर्श व नि:शुल्क दवाईयां उपलब्ध कराई गई। घोड़ाबांधा के शिविर का उपायुक्त ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने मरीजों से संवाद स्थापित कर चिकित्सकों के परामर्श अनुसार दवाई लेने व अन्य प्रक्रियाओं के अनुपालन के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिविर के माध्यम से उन्हें मिल रहे लाभ की भी जानकारी ली। मरीजों ने कैम्प के आयोजन पर खुशी जाहिर की और जिला प्रशासन और विशेष रूप से उपायुक्त का आभार व्यक्त किया।

बता दें कि उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की पहल पर जिला में मिर्गी रोगियों की स्क्रीनिंग, इलाज और निःशुल्क दवा वितरण के लिए जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से मिर्गी रोग से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने, सही व वैज्ञानिक उपचार के प्रति नागरिकों में जागरूकता को बढ़ावा देने तथा मरीजों को निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श एवं दवा उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच व परामर्श आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवा का वितरण की व्यवस्था की गई है। साथ ही मिर्गी से बचाव व प्राथमिक उपचार के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है ।
उपायुक्त के निर्देश पर तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 22 और 23 फरवरी को पोटका प्रखंड में शिविर आयोजित किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गयी है कि अगर परिवार या आसपास किसी को मिर्गी की समस्या है तो जागरूक करें ताकि वे शिविर में आकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लें।
पोटका प्रखंड (22.02.2026 दिन रविवार)
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आसनबनी सुबह 8 बजे से 10 बजे तक
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कालिकापुर सुबह 11 बजे से 1 बजे तक
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शंकरदा दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक
(23.02.2026)
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हरिना सुबह 11 बजे से 1 बजे तक
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हल्दीपोखर दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक

