डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पिछले 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है।

बोड़ाम में छापेमारी, भागते हुए पकड़ा गया तस्कर
शनिवार (21 फरवरी) को उत्पाद विभाग की टीम ने एक विशेष योजना के तहत बोड़ाम थाना क्षेत्र के ग्राम लावजोड़ा में दबिश दी। यहां विक्रम महतो नामक व्यक्ति के घर से भारी मात्रा में बंगाल की शराब बरामद हुई। कुल 33.420 लीटर विदेशी शराब और 9.100 लीटर बीयर बरामद किया गया। अभियुक्त ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बागबेड़ा में ‘फिल्मी’ स्टाइल में छापेमारी, अभियुक्त फरार
वहीं इससे पहले शुक्रवार (20 फरवरी) को जुगसलाई नगर परिषद से सटे बागबेड़ा पश्चिम (जटाझुपड़ी) में मुनमुन दास के घर छापेमारी की गई। यहां स्थिति तनावपूर्ण रही। 9 पेटियों और बोरों में छिपाकर रखी गई कुल 80.280 लीटर विदेशी शराब। टीम ने सादे लिबास में दबिश दी थी, लेकिन मुख्य द्वार बंद होने और स्थानीय लोगों द्वारा सहयोग न मिलने का फायदा उठाकर आरोपी छत के रास्ते फरार हो गया। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
प्रशासन की चेतावनी: जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि निकाय चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध शराब के भंडारण और वितरण पर नकेल कसने के लिए निगरानी अभियान और तेज किया जाएगा।

