डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोडा में होली व ईद उल फितर के मद्देनजर जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी व वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय द्वारा केन्द्रीय शांति समिति सदस्यों के साथ बैठक की गई। बैठक में शांति समिति सदस्यों से क्रमवार उनकी क्षेत्र की समस्याओं को सुना गया, साथ ही विधि व्यवस्था संधारण के लिए क्या बेहतर कदम उठाए जा सकते हैं, इस पर सदस्यों से मिले सुझावों पर अमल को लेकर आश्वस्त किया। एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर संतोष गर्ग समेत जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के केन्द्रीय शांति समिति के सदस्य बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों से उनके-उनके क्षेत्रों की समस्याओं व सुझावों को विस्तार से सुना गया। विधि-व्यवस्था संधारण, जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, पेयजल व विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शांति समिति सदस्यों से प्राप्त सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा दिया गया।
जिला उपायुक्त ने कहा कि दोनों पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव व भाईचारे का संदेश देते हैं। जिले में सुरक्षा व विधि-व्यवस्था की समुचित व सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि पर्व को हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मनायें। युवाओं को विशेष रूप से नशापान से दूर रहने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की ताकि उत्साह में कोई जनहानि नहीं हो। पर्व के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्ती दलों की सक्रियता व त्वरित प्रतिक्रिया टीम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्परता से निपटा जा सके।

