25 फरवरी को बिहार दौरे पर आ रहे हैं अमित शाह, भारत- नेपाल सीमा सुरक्षा की करेंगे समीक्षा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 25 फरवरी को बिहार दौरे की संभावना है। अमित शाह 25 फरवरी से तीन दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत उनका फोकस इंडो-नेपाल सीमा से सटे गांवों पर रहेगा। खास तौर पर वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चयनित पंचायतों का वे निरीक्षण कर सकते हैं।

सीमा सुरक्षा की समीक्षा के लिए बैठक

शाह के 25 फरवरी को सीधे किशनगंज/अररिया पहुंचने की उम्मीद है, जहां वे सीमा सुरक्षा की समीक्षा के लिए बैठक करेंगे। वे 26 फरवरी को पटना में राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ बैठक करेंगे।

इंडो-नेपाल बॉर्डर के गांवों का करेंगे निरीक्षण

सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री का कार्यक्रम उत्तर बिहार के सीमावर्ती जिलों में प्रस्तावित है। इनमें मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण शामिल हैं। इन जिलों की कई पंचायतों का चयन केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेज योजना में हुआ है। माना जा रहा है कि अमित शाह इन गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। सड़क, बिजली, संचार, स्वास्थ्य सेवाएं और रोजगार सृजन जैसे मुद्दे उनके एजेंडे में रहेंगे। वे स्थानीय अधिकारियों से सीधे फीडबैक भी ले सकते हैं।

पश्चिम चंपारण में सीमा चौकी का करेंगे उद्घाटन

गृह विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि भारत की नेपाल के साथ एक लंबी सीम लगती है, जो उत्तरी बिहार के सात जिलों से होकर गुजरती है, पश्चिम में पश्चिम चंपारण से लेकर पूर्व में किशनगंज तक फैली हुई है, और यह सीमा काफी हद तक खुली हुई है। बदलते अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से बिहार बेहद महत्वपूर्ण है। शाह सीतामढ़ी के पास भारत-नेपाल सीमा पर चल रहे सड़क निर्माण का निरीक्षण करेंगे और पश्चिम चंपारण जिले के इनारवा में सीमा चौकी (BPO) का उद्घाटन करेंगे।

Share This Article