हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित हुरूहुरू मोहल्ले में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पुराने और सुनसान कुएं से युवक का शव बरामद किया गया। सुबह-सुबह शव दिखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने कुएं में शव होने की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बड़ा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया। बाद में मृतक की पहचान हुरूहुरू निवासी लालू यादव के रूप में हुई।
शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने इस घटना को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए साजिश के तहत हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालात को देखते हुए पुलिस ने जांच में तेजी लाते हुए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली, जिसने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में साक्ष्य तलाशे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
फिलहाल हुरूहुरू इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग पुलिस की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक की मौत हादसा थी या किसी साजिश का नतीजा।

