अमित शाह के सीमांचल दौरे का दूसरा दिन, आज अररिया में इस मुद्दे पर महामंथन

Neelam
By Neelam
3 Min Read

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय बिहार दौरे पर बुधवार शाम पहुंच चुके। पूर्णिया एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मंत्री लेशी सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनका स्वागत किया। यहां से वह सड़क मार्ग से किशनगंज पहुंचे। यहां पर लैंड पोर्ट अथॉरिटी की समीक्षा बैठक में शामिल हुए। किशनगंज में ही रात्रि विश्राम किया। आज यानी गुरुवार को गृह मंत्री अररिया में रहेंगे।

कई विकास कार्यों का लोकार्पण

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह करीब 11 बजे सिकटी प्रखंड के लेटी स्थित सीमा चौकी पहुंचेंगे। यहां सशस्त्र सीमा बल यानी एसएसबी की बीओपी भवन और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम को भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यहां सीमा चौकी के आधुनिकीकरण और जवानों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे निगरानी और पेट्रोलिंग क्षमता मजबूत होगी।

भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर मंथन

गृह मंत्री दोपहर करीब 12:50 बजे अररिया समाहरणालय पहुंचेंगे। यहां 1:30 बजे परमान सभागार में सीमावर्ती जिलों के डीएम, एसपी और एसएसबी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। बैठक का मुख्य एजेंडा भारत नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दे, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और आपसी समन्वय को मजबूत करना है। खुफिया इनपुट, सीमा पर चौकसी और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार बैठक में सीमाई जिलों में कानून व्यवस्था, तस्करी और घुसपैठ की चुनौतियों की समीक्षा की जाएगी।

वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम की समीक्षा

दोपहर 3:45 बजे गृह मंत्री वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम से जुड़ी बैठक में शामिल होंगे। इस योजना का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचा और आजीविका के अवसर बढ़ाना है। सरकार का मानना है कि सीमा क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा साथ साथ चलें तो अवैध नेटवर्क को कमजोर किया जा सकता है। इस बैठक में योजना के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

किशनगंज में हुई पहली बैठक

इससे पहले बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किशनगंज में भारतीय भूमि बंदरगाह प्राधिकरण (एलपीएआई) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। किशनगंज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय राज्यमंत्री नित्यानंद राय, बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

Share This Article