बिहार के नालंदा जिले में होली मिलन समारोह के दौरान जमकर बवाल हुआ। बिहार शरीफ के नकटपुरा वाटर पार्क में रविवार को हुए होली मिलन समारोह में काफी हंगामा हुआ। इस कार्यक्रम में भोजपुरी गायक रौशन रोही समेत कई कलाकार पहुंचे थे। जैसे ही रोशन रोही इवेंट से निकले, भीड़ बेकाबू हो गई।
एक पत्रकार समेत तीन लोग घायल
बताया जा रहा है कि जब रोशन रोही इवेंट के बाद निकल रहे थे, लोग हंगामा करने लगे। हंगामे के दौरान उनकी कार को भी निशाना बनाया गया और बुरी तरह डैमेज कर दिया गया। बेकाबू भीड़ ने पत्थरबाजी, फिर गोलियां चलीं। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए गायक और अन्य लोगों के निजी बाउंसरों की ओर से की गई फायरिंग में एक किशोर को गोली लग गई। वहीं, उग्र भीड़ के हमले में एक स्थानीय पत्रकार और वाहन चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं।
रौशन रोही समेत 12 गिरफ्तार
अचानक पथराव, मारपीट और फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गायक रौशन रोही समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को नहीं दी गई थी कार्यक्रम की सूचना
सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय थाने की पुलिस को किसी भी तरह की कोई सूचना नहीं दी गई थी और ना ही यह कार्यक्रम करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से परमिशन दिया गया था। यह कार्यक्रम बिना परमिशन के चल रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आयोजक को भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस इस इलाके में कैंप कर रही है।

