राजगंज : ओकिनवा नाहा-ते गोजू-रयू कराटे फेडरेशन इन इंडिया के सौजन्य से राजगंज स्थित बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह में कराटे बेल्ट टेस्ट का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में पूर्व से प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं की बेल्ट परीक्षा ली गई।
परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अर्पिता विश्वकर्मा, आद्या कुमारी, माही कुमारी, जया लक्ष्मी, आराध्या गुप्ता, सूरज कुमार, निधि कुमारी, सिद्धार्थ गोस्वामी, ओंकार दुबे एवं दिव्यांशु मंडल को येलो बेल्ट प्रदान की गई, जबकि रुद्र प्रताप महतो को ग्रीन बेल्ट से सम्मानित किया गया।
बेल्ट टेस्ट से पूर्व जिला कराटे एसोसिएशन से आए प्रशिक्षक टिंकू कुमार महतो एवं सोनू कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों का शारीरिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी परीक्षा ली। विद्यालय के कराटे शिक्षक सुनील कुमार महतो ने सहयोगी की भूमिका निभाई। सभी विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक परीक्षा उत्तीर्ण की।
कराटे एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक साधन चंद्र लोहार के हाथों विद्यार्थियों ने अपनी नई बेल्ट ग्रहण की। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया एवं चेयरमैन अमर कुमार पाल द्वारा सभी सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से आए हुए प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रमोद चौरसिया ने कहा कि कराटे शिक्षा आज के समय में बेहद आवश्यक है। इससे बच्चों में आत्मरक्षा की भावना विकसित होती है, शारीरिक फिटनेस बनी रहती है तथा मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि लड़कियों के लिए कराटे प्रशिक्षण अत्यंत जरूरी है, ताकि वे भविष्य में किसी भी विपरीत परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना कर सकें।

