बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य सभा जाने के ऐलान के बाद, जेडीयू कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है। पटना में जेडीयू ऑफिस में आज दोपहर जमकर तोड़फोड़ की गई। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऑफिस के अंदर हंगामा किया, फर्नीचर और पोस्टर को नुकसान पहुंचाया। उनका साफ आरोप है कि पार्टी के कुछ सीनियर नेताओं ने चाल चली है और वे नीतीश कुमार को बिहार की राजनीति से हटाने की साजिश कर रहे हैं। वैसे विपक्ष का आरोप भी कुछ अलग नहीं है।
भाजपा के दबाव में नीतीश-तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के इस्तीफे और राजनीतिक घटनाक्रम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि भाजपा के दबाव में नीतीश को इस्तीफा देने पर मजबूर किया गया और अब अगला मुख्यमंत्री महज एक ‘रबड़ स्टैम्प’ होगा।
नीतीश कुमार को ‘हाईजैक’ किया गया-तेजस्वी
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर कहा, ‘सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में एनडीए ने ये नारा दिया था कि ‘2025 से 30 फिर से नीतीश’। भाजपा और एनडीए के घटक दल जानते हैं कि किस प्रकार से तंत्र-मंत्र और पूरा सिस्टम लगाकर चुनाव हुआ। उस समय में भी हमने कहा था कि भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार को ‘हाईजैक’ कर लिया है और उन्हें दोबारा कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे।’
बीजेपी ‘रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री’ चाहती है-तेजस्वी
तेजस्वी ने आगे कहा, ‘हमने कहा था कि वे 6 महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं रहेंगे। भाजपा जिसके साथ भी रही है उसे बर्बाद करने का काम किया है। भाजपा OBC, दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है। वे (भाजपा) नहीं चाहते हैं कि बिहार में ऐसा नेता रहे जो OBC या दलित की बात करता हो, वे तो कोई ‘रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री’ चाहते हैं।’
भाजपा अपनी सहयोगी पार्टी को समाप्त कर रही-तेजस्वी
आरजेडी नेता ने दावा किया कि महाराष्ट्र मॉडल की तर्ज पर बिहार में भी भाजपा अपनी सहयोगी पार्टी को कमजोर कर अंततः खुद की सरकार बनाने की तैयारी में है। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि ‘भाजपा की रणनीति पहले सहयोगी दलों को कमजोर करने और फिर उन्हें राजनीतिक रूप से समाप्त करने की रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अन्य राज्यों में भी सहयोगी दलों के साथ ऐसा ही व्यवहार किया गया। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक, महाराष्ट्र में शिवसेना, पंजाब में अकाली दल को इसी तर्ज पर भाजपा ने खत्म करनी साजिश रची। अब उसी तरह जदयू को खत्म किया जा रहा है।’
बिहार की सेवा के लिए नीतीश कुमार को धन्यवाद
तेजस्वी ने कहा, ‘ये जो सत्ता परिवर्तन हो रहा है, ये जन भावनाओं के खिलाफ है। लोग भाजपा के चाल-चरित्र को जानते हैं। हमने नीतीश कुमार के साथ भी काम किया है लेकिन ज्यादातर हम विपक्ष में गए थे। 28 जनवरी 2024 में जब वे (JDU) हमारा साथ छोड़कर गए थे, तब भी हमने कहा था कि भाजपा जो है वो उन्हें समाप्त करेगी। हमारी पूरी सहानुभूति है उनके प्रति, उन्होंने बिहार की जो सेवा की, उसके लिए हम उन्हें धन्यवाद भी देना चाहते हैं।’

