धनबाद : SNMMCH को मिले नए पीजी डॉक्टर, एनेस्थीसिया और ENT विभाग होंगे और मजबूत

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत राज्य के विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों में पीजी उत्तीर्ण चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। इस क्रम में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद को भी कई विशेषज्ञ डॉक्टर मिले हैं, जिससे यहां की चिकित्सा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

जारी सूची के अनुसार एनेस्थीसियोलॉजी (Anaesthesiology) विभाग में डॉ. सुषमा रानी, डॉ. सुष्मिता साहा और डॉ. ट्विंकल की तैनाती SNMMCH में की गई है। इसके अलावा ENT विभाग में भी विशेषज्ञ चिकित्सक को पदस्थापित किया गया है। एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की संख्या बढ़ने से ऑपरेशन थिएटर की क्षमता में इजाफा होगा और सर्जरी से जुड़े गंभीर मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी। वहीं ENT विशेषज्ञ की उपलब्धता से कान, नाक और गला रोगियों को अब बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि सभी पीजी उत्तीर्ण चिकित्सकों को अधिसूचना निर्गत होने की तिथि से सात दिनों के भीतर अपने पदस्थापन स्थल पर योगदान देना अनिवार्य होगा। संबंधित प्राचार्य या अधीक्षक उनके परीक्षा में सफल होने की पुष्टि के बाद योगदान स्वीकार करेंगे। यह पदस्थापन पीजी बॉन्ड के आधार पर तीन वर्षों अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा तथा भविष्य में स्थायी नियुक्ति का कोई दावा मान्य नहीं होगा।

मानदेय की बात करें तो प्रथम वर्ष 80,000 रुपये, द्वितीय वर्ष 82,500 रुपये तथा तृतीय वर्ष 85,000 रुपये प्रतिमाह देय होगा। साथ ही, इन चिकित्सकों को राज्य कर्मियों के अनुरूप आकस्मिक अवकाश की सुविधा मिलेगी, लेकिन अन्य प्रकार के अवकाश के वे पात्र नहीं होंगे। किसी भी प्रकार का लंबा अवकाश लेने पर पीजी बॉन्ड की अवधि उसी अनुपात में बढ़ाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले को धनबाद के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। SNMMCH में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नए डॉक्टरों के योगदान के बाद अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी और सर्जिकल सेवाओं में सुधार की उम्मीद है। इससे न केवल धनबाद बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी और गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर करने की स्थिति में कमी आएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....