नीतीश की समृद्धि यात्रा आज से, 5 दिनों में 10 जिलों का दौरा, आज सुपौल में जनता से करेंगे संवाद

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज, मंगलवार को अपनी समृद्धि यात्रा का तीसरा और सबसे अहम फेज शुरू कर रहे हैं। यह यात्रा सीमांचल-कोसी क्षेत्र के 10 जिलों को कवर करेगी। जहां वे अगले पांच दिनों में कोसी और सीमांचल के 10 जिलों का दौरा कर डेवलपमेंट के कामों का रिव्यू करेंगे।

नीतीश कुमार की विदाई यात्रा

5 मार्च को राज्य सभा चुनाव के लिए नॉमिनेशन फाइल करने के बाद यह उनकी पहली बड़ी राजनीतिक और प्रशासनिक सक्रियता है। इस यात्रा को नीतीश कुमार की विदाई यात्रा के तौर पर भी देखा जा रहा है।

सुपौल-मधेपुरा से यात्रा का आगाज

यात्रा की शुरूआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुपौल से करेंगे। सुपौल पहुंचते ही सीएम नीतीश कुमार निर्मली अनुमंडल में हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। जहां वह 569 करोड़ रुपये की 213 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, तालाब जीर्णोद्धार, टाउन हॉल और सुधा डेयरी प्लांट विस्तार जैसे प्रोजेक्ट प्रमुख हैं। सीएम आज ही मधेपुरा जिले में विकास कार्यों का जायजा लेंगे। वे विभिन्न निर्माण स्थलों का ‘स्पॉट विजिट’ करेंगे और स्थानीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश देंगे। आज का रात्रि विश्राम मधेपुरा में निर्धारित है।

दूसरे दिन अररिया और किशनगंज का दौरा

दूसरे दिन मुख्यमंत्री अररिया और किशनगंज का रुख करेंगे। सीमावर्ती जिलों की कुछ जरूरी आवश्यकताओं को देखते हुए, सीएम यहां कुछ नई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। इन क्षेत्रों में चल रही कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पर विशेष चर्चा की जाएगी।

सीएम का मुख्य फोकस जन-संवाद पर

12 मार्च को समृद्धि यात्रा पूर्णिया और कटिहार पहुंचेगी। यहां मुख्यमंत्री का मुख्य फोकस जन-संवाद पर होगा। वे सीधे ग्रामीणों और लाभार्थियों से बात करेंगे। 13 मार्च को सहरसा और खगड़िया में वे विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच करेंगे। अधिकारियों को हिदायत दी जाएगी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

14 मार्च को यात्रा का समापन

यात्रा के अंतिम दिन यानी 14 मार्च को नीतीश कुमार बेगूसराय और शेखपुरा जिले में रहेंगे। यहां अंतिम चरण की समीक्षा के बाद ‘समृद्धि यात्रा’ का ये पड़ाव समाप्त होगा और मुख्यमंत्री देर शाम वापस पटना लौट आएंगे। इस यात्रा से राज्य की प्रशासनिक मशीनरी के और सक्रिय होने की उम्मीद है।

Share This Article