दुर्गापुर। बहुचर्चित कोयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित सब-इंस्पेक्टर मनोरंजन मंडल के घर पर दूसरी बार छापेमारी की। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों के साथ पहुंची ईडी टीम ने करीब छह घंटे तक घर में सघन तलाशी अभियान चलाया।


सूत्रों के अनुसार, इससे पहले 3 फरवरी को भी ईडी ने उनके आवास पर छापा मारकर कई दस्तावेजों की जांच की थी और उन्हें पूछताछ के लिए कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पेश होने का नोटिस दिया गया था। हालांकि कई बार समन भेजे जाने के बावजूद वह एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए।
बुधवार की कार्रवाई के दौरान घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं मिला। तलाशी के बाद अधिकारियों के हाथों में एक प्रिंटर और सीलबंद लिफाफों में रखे अहम दस्तावेज देखे गए। इसके बाद ईडी अधिकारियों ने घर की दीवार पर नया समन भी चस्पा कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अवैध खनन और कोयला तस्करी से जुड़े मामले में की जा रही है, जिसमें मनोरंजन मंडल की भूमिका की जांच चल रही है। बार-बार नोटिस के बावजूद पूछताछ में शामिल न होने के कारण एजेंसी ने यह सख्त कदम उठाया है।

