धनबाद। जिला परिषद अध्यक्ष Sharda Singh ने अपने कार्यालय में पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता और जिला अभियंता को बुलाकर बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बागड़ा, सिंगड़ा, महुदा और तेलमोच्चो जलापूर्ति योजना की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति और इनके शुरू होने की संभावित समयसीमा के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द पेयजल की सुविधा मिल सके।
इस दौरान शारदा सिंह ने क्षेत्र में बंद पड़े चापाकलों की मरम्मत जल्द कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में पेयजल की समस्या को देखते हुए चापाकलों को शीघ्र चालू कराना जरूरी है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जनहित से जुड़ी जलापूर्ति योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना बेहद आवश्यक है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

