डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: ओडिशा और झारखंड के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने ट्रेन नंबर 18403/18404 भुवनेश्वर-धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। अब यह ट्रेन ‘स्पेशल’ टैग हटाकर नियमित रूप से प्रतिदिन चलेगी।इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा यात्रियों की जेब पर होगा, क्योंकि स्पेशल का टैग हटते ही किराए में करीब 25 प्रतिशत की कमी आएगी।
नए शेड्यूल पर एक नजर
रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे के डिप्टी चीफ ऑपरेशंस मैनेजर श्रीनिवास सामंत ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
भुवनेश्वर-धनबाद (18403): 1 अप्रैल से यह ट्रेन रोजाना रात 08:25 बजे भुवनेश्वर से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 02:10 बजे झारसुगुड़ा, 03:45 बजे राउरकेला होते हुए सुबह 11:00 बजे धनबाद पहुंचेगी।
धनबाद-भुवनेश्वर (18404): 2 अप्रैल से यह ट्रेन प्रतिदिन शाम 04:00 बजे धनबाद से खुलेगी। रात 11:15 बजे राउरकेला और अगले दिन सुबह 01:15 बजे झारसुगुड़ा होते हुए सुबह 08:15 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी।
प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान दोनों राज्यों के महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यापारिक केंद्रों को जोड़ेगी।
मुख्य ठहराव
राज्य प्रमुख स्टेशन
ओडिशा भुवनेश्वर, कटक, ढेंकनाल, तालचेर रोड, अंगुल, केरेजांगा, रायराखोल, संबलपुर सिटी, झारसुगुड़ा, राउरकेला। झारखंड नुवागांव, हटिया, रांची, मुरी, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी, राजबेरा, चंद्रपुरा, धनबाद।
क्यों खास है यह बदलाव?
अब तक यह ट्रेन (नंबर 02832/02831) स्पेशल बनकर चल रही थी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त किराया देना पड़ता था। नियमित परिचालन और नंबर बदलने से न केवल सीट मिलने में आसानी होगी, बल्कि दैनिक यात्रियों और व्यापारियों के लिए यह एक किफायती विकल्प बन जाएगी।

