आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। प्रथम चरण में 23 अप्रैल को पश्चिम बर्दवान की 9 विधानसभा सीटों पर मतदान से पहले पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने कुल्टी थाना क्षेत्र के झारखंड सीमा पर स्थित डुबुरडीही चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर चल रही सघन वाहन जांच का जायजा लिया और अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट क्षेत्र के 23 संवेदनशील बिंदुओं को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन स्थानों पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि अवैध नकदी, शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को समय रहते रोका जा सके।

