डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : झारखंड के चाईबासा स्थित टीआरटीसी, गुईरा में कांग्रेस का दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर ‘संगठन सृजन अभियान’ पूरे दमखम के साथ जारी है। सोमवार को शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश द्वारा ध्वजारोहण के साथ की गई। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अब केवल चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कैडर आधारित मजबूती और भविष्य का नेतृत्व तैयार करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
भविष्य की चुनौतियों के लिए ‘लीडरशिप’ पर फोकस
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का मूल मंत्र संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पहल का मकसद केवल कार्यकर्ताओं को जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में न केवल नई ऊर्जा आएगी, बल्कि संगठन वैचारिक और रणनीतिक रूप से भी अभेद्य बनेगा।
झारखंड और ओडिशा के दिग्गजों का जमावड़ा
यह शिविर केवल एक राज्य तक सीमित न रहकर अंतरराज्यीय समन्वय का केंद्र बन गया है। दूसरे दिन के सत्र में कई बड़े चेहरों ने शिरकत की, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे। सचिन राव प्रमुख, प्रशिक्षण विभाग (AICC), डॉ. सिरीवेला प्रसाद सह-प्रभारी, झारखंड कांग्रेस, अजय कुमार लल्लू प्रभारी, ओडिशा कांग्रेस, भूपेंद्र मरावी वरिष्ठ नेता। शिविर में झारखंड और ओडिशा के सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को भी विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर पार्टी की विचारधारा को धार दे सकें।
पर्दे के पीछे की टीम
10 दिनों तक चलने वाले इस सघन आवासीय शिविर के सफल संचालन में सुनीत शर्मा, शांतनु मिश्रा, त्रिशानु राय और सौरभ अग्रवाल समेत युवाओं की एक सक्रिय टीम जुटी हुई है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर मिली बिरुवा, दिकु सावैयां और चंद्रशेखर दास जैसे नेता व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए हैं।

