मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह लगभग चार महीने जेल में बिताने के बाद सोमवार को बेऊर जेल से बाहर आए। पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई हुई है। चुनाव जीतने के बाद पहली बार अपने क्षेत्र पहुंच रहे विधायक आज मोकामा से बड़हिया स्थित महारानी स्थान तक करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे।
चुनाव नहीं लड़ने की बात को दुहराया
बाहुबली विधायक अनंत सिंह आज अपने सरकारी आवास से विधानसभा क्षेत्र मोकामा के लिए रवाना हो गए। अनंत सिंह सुबह सुबह मोकामा के लिए रवाना हुए तो इस दौरान उन्होंने बड़ा बयान दिया। अनंत सिंह ने एक बार फिर चुनाव नहीं लड़ने की बात को दुहराया।
बेटे के सियासी करियर पर क्या बोले अनंत सिंह?
अपने बेटे अभिषेक सिंह के सियासी करियर पर भी अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया है। अनंत सिंह से सवाल किया गया कि अगर वह चुनाव नहीं लड़ेंगे तो क्या अब उनके बेटे की सियासत में एंट्री पक्की है? जवाब में अनंत सिंह ने कहा, “वह जनता के बीच आएगा, जनता का काम करेगा, तो लड़ेगा।”
15 दिन बाद क्षेत्र में जाएंगे अनंत
वहीं, अनंत सिंह ने यह भी बताया कि वह अपने क्षेत्र का दौरा करेंगे, लेकिन 15 दिन बाद। अनंत सिंह ने कहा कि, वो अभी क्षेत्र में नहीं जा रहे हैं। वो बड़हिया जा रहे हैं आशीर्वाद लेने। उन्होंने कहा कि अभी जन के कटनी लागल है, सब किसान खेत में है, लेबर भी खेत में हैं। क्षेत्र में वो 15 दिनों के बाद जाएंगे और मुलाकात करेंगे।
अनंत सिंह की रिहाई से समर्थकों में जश्न का माहौल
विधायक अनंत सिंह सोमवार को कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद पटना की बेऊर जेल से रिहा हो गए। उनके जेल से बाहर आने के बाद पटना से लेकर मोकामा तक उनके समर्थकों में जश्न का माहौल रहा। जेल से निकलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में समर्थक बेऊर जेल के बाहर पहुंचे थे। जेल से बाहर निकलने के बाद समर्थकों के साथ विधायक अनंत सिंह पटना स्थित अपने आवास पहुंचे, जहां पहले से ही उनके स्वागत की तैयारी की गई थी। उनके आवास पहुंचने पर समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी भी की। अनंत सिंह के आवास को पूरी तरह सजा दिया गया था और समर्थकों के लिए भव्य भोज की तैयारी की गई थी। उनकी रिहाई को लेकर समर्थकों में गजब उत्साह देखा गया।

