बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। जेडीयू की तरफ से उन्हें मंगलवार को निर्विरोध पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वह चौथी बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। नीतीश के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने का औपचारिक ऐलान पार्टी की ओर से दिल्ली में किया गया। नीतीश कुमार के फिर से जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने और राज्यसभा का सदस्य बनने पर आरजेडी ने हमला किया है।
पार्टी अध्यक्ष बनने पर दी शुभकामनाएं
आरजेडी सांसद मीसा भारती ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दोबारा जेडीयू अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए राजद सांसद मीसा भारती ने कहा, ‘हमारी ओर से उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं हैं। यह अच्छी बात है कि नीतीश कुमार फिर से अपनी पार्टी के अध्यक्ष बन गए हैं।’
मीसा भारती का नीतीश कुमार पर कटाक्ष
मीसा भारती ने आगे कहा कि नीतीश कुमार अब राज्यसभा चुनाव जीतकर दिल्ली आएंगे। उन्होंने कहा कि उम्मीद है दिल्ली आकर नीतीश कुमार कम से कम ‘डिप्टी पीएम’ का पद जरूर हासिल पाएंगे। सांसद मीसा भारती का यह बयान राजनीतिक तौर पर काफी दिलचस्प माना जा रहा है, क्योंकि इसमें समर्थन और व्यंग्य दोनों झलक रहे हैं।
परिवारवाद को लेकर नीतीश पर बोला हमला
लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नीतीश अब परिवारवाद को लेकर कोई बात नहीं करेंगे। मीसा ने कहा, ‘अब सबसे अच्छी बात यह होगी कि वे अब परिवारवाद पर नहीं बोलेंगे, क्योंकि वे खुद अपने बेटे को राजनीति में ले आए हैं।’

