बिहार में सबसे “पावरफुल” परिवार में खिंचतान जारी है। यहां बात हो रही है लालू प्रसाद यादव के परिवार की। अनुष्का यादव से जुड़े घटनाक्रम के बाद लालू यादव ने तेज प्रताप के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। उन्हें पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया है। लालू परिवार के भीतर चल रही सियासी खींचतान के बीच एक बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है।
भतीजे के साथ खेलते दिखे तेज प्रताप
जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तेजस्वी यादव के बेटे इराज के साथ खेलते हुए एक वीडियो क्लिप साझा की है। वीडियो में तेज प्रताप यादव अपने भतीजे इराज के साथ बेहद स्नेहपूर्ण अंदाज में नजर आते हैं।
बड़े पापा अपना बचपन फिर से जी रहे
बैकग्राउंड में फिल्म एनिमल का गाना ‘पापा मेरी जान’ सुनाई दे रहा है, जिसने इस पल को और भावुक बना दिया है। इसके साथ ही वीडियो में सूर्यवंशम मूवी का गाना ‘कोरे-कोरे सपने मेरे’ भी बज रहा है। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा-बेटा पापा का गर्व होता है, और पापा बेटे की सबसे बड़ी ताकत। वहीं इंस्टाग्राम पर उन्होंने यह भी लिखा कि भतीजा रिश्ता है, जिसमें बड़े पापा अपना बचपन फिर से जीते हैं।
तेजस्वी के बच्चों के साथ तेज प्रताप का खास लगाव
तेज प्रताप यादव का अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के बेटे इराज और कात्यायनी के साथ बेहद खास लगाव रहा है। कई बार सोशल मीडिया पर तेज प्रताप यादव कात्यायनी के साथ फोटो और वीडियो शेयर कर चुके हैं। कभी हरी टोपी के साथ तस्वीरों को शेयर किया तो कभी कात्यायनी के साथ खेलते हुए वीडियो शेयर कर चुके हैं।
दोनों भाइयों के बीच दूरी जगजाहिर
हालांकि, तेज प्रताप और तेजस्वी के बीच की दूरी जगजाहिर है। तेजस्वी ने चुनाव में भाई के खिलाफ प्रचार किया था, इसके बावजूद तेज प्रताप लगातार परिवार से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मकर संक्रांति पर उनके भोज में पिता तो पहुंचे थे, लेकिन तेजस्वी ने दूरी बनाए रखी थी।
भतीजी के जन्मदिन पर राबड़ी आवास पहुंचे थे तेज प्रताप
खबरों के मुताबिक, ये वीडियो 27 मार्च का है जब तेजस्वी की बेटी कात्यायनी का जन्मदिन था। तेज प्रताप अपनी भतीजी को बधाई देने 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पहुंचे थे। इससे पहले भी वो अपनी मां के जन्मदिन पर वहां गए थे, जिससे संकेत मिलता है कि राजनीतिक विरोध के बीच भी उनका मां और बच्चों के प्रति मोह बरकरार है।

