31 मार्च से 5 अप्रैल तक कई राज्यों में बारिश-बिजली, पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना

KK Sagar
3 Min Read

देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच कई राज्यों में मौसम अस्थिर रहेगा। इस दौरान बारिश, गरज-चमक, आंधी और तेज हवाओं के साथ तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 31 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों—अरुणाचल प्रदेश में 31 मार्च और 1 अप्रैल को, जबकि असम, मेघालय और त्रिपुरा में 31 मार्च को भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 से 5 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में 2 से 4 अप्रैल और पूर्वी राजस्थान में 3-4 अप्रैल को बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अप्रैल को मौसम बदलने की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

मध्य भारत में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, बिजली और 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। विदर्भ में 31 मार्च और 1 अप्रैल को तथा छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल को ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं।

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को आसमान बादलों से घिरा रहेगा और दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....