धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता के चलते धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत चल रही विशेष निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि देर रात स्टेशन पर गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 3 के कालका छोर पर एक ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग संदिग्ध हालत में पड़े मिले। उसी समय गंगा दामोदर एक्सप्रेस वहां से रवाना हो रही थी। टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी व्यक्ति बैग का मालिक नहीं निकला।
संदेह के आधार पर बैग खोलकर देखा गया तो अंदर बड़ी मात्रा में शराब भरी हुई थी। बरामद सामग्री में 77 केन बीयर और 4 बोतल विदेशी शराब शामिल हैं। सभी पर “West Bengal में बिक्री हेतु” अंकित पाया गया, जिससे इसके अवैध परिवहन की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए कोई भी यात्री गवाह बनने आगे नहीं आया। इसके बाद मौजूद रेलवे कर्मियों को साक्षी बनाकर प्रक्रिया पूरी की गई।
जब्त शराब को सुरक्षित रखकर आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह खेप किसकी थी। मामले की जांच जारी है और अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

