रूस का मिलिट्री ट्रांसपोर्ट प्लेन An-26 मंगलवार को क्रीमिया में क्रैश हो गया। इसमें 23 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। रूसी न्यूज एजेंसी तास के मुताबिक, पहले विमान से संपर्क टूट गया था। बाद में यह चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उड़ान के दौरान अचानक कटा संपर्क
रूसी समाचार एजेंसी TASS ने बुधवार को रूस के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर उड़ान भरते समय रूसी एंटोनोव-26 मिलिट्री विमान क्रैश हुआ है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 31 मार्च की शाम 6 बजे An-26 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान से संपर्क टूटा, जब वह क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर एक निर्धारित उड़ान पर था।
विमान एक चट्टान से टकराकर गिरा
रिपोर्ट के अनुसार, विमान काला सागर में स्थित क्राइमिया प्रायद्वीप की एक चट्टान से टकराकर गिरा। इस हादसे में विमान में सवार सभी 29 लोगों की मौत हो गई। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हादसे की आंशका के बाद खोज और बचाव दल काम में जुटा और An-26 विमान के दुर्घटनास्थल का पता लगाया।
हादसे की जांच शुरू
विमान हादसे के पीछे तकनीकी खराबी को संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आधिकारिक तौर पर यह नहीं कहा गया है। दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई या इसके पीछे कोई और कारण है। इसके लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि शुरुआती जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अब तक किसी हमले के संकेत नहीं मिले हैं।
हादसे वाला क्षेत्र पर पहले यूक्रेन का था कब्जा
क्राइमिया वही इलाका है, जिसे रूस ने 2014 में यूक्रेन से अपने कब्जे में लिया था। यह प्रायद्वीपीय इलाका है। काले सागर के तट तक फैली विशाल पर्वत श्रृंखलाओं से घिरे हुए इस क्षेत्र पर पहले यूक्रेन का अधिकार था।

