Jamshedpur : पुलिस को खुली चुनौती, 1 रात 2 थाना क्षेत्र और 6 दुकानों पर धावा, CCTV में कैद हुए शातिर चोर

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी में बेखौफ अपराधियों ने एक ही रात में पुलिसिया गश्त की पोल खोलकर रख दी है। बुधवार की रात चोरों ने शहर के परसुडीह और सुंदरनगर थाना क्षेत्रों में एक साथ 6 दुकानों को अपना निशाना बनाया। हालांकि चोरों की किस्मत हर जगह साथ नहीं दे सकी और वह केवल दो दुकानों में ही हाथ साफ करने में सफल रहे। इस दौरान सुंदरनगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक चोर को रंगेहाथ दबोच लिया है।

परसुडीह: ताले काटते रहे चोर, सीसीटीवी में कैद हुई हरकत
​परसुडीह के शिव मंदिर रोड स्थित बाजार में चोरों ने पूरी तैयारी के साथ अपना मार्ट, जनार्दन ज्वेलर्स और संतोषी भंडार के ताले चटकाए। जनार्दन ज्वेलर्स में चोरों ने करीब 10 ताले काटे, लेकिन दुकान की मजबूत आंतरिक सुरक्षा (इंटीरियर लॉकिंग) की वजह से वे गहनों तक नहीं पहुंच सके। वहीं अपना मार्ट में चोरी के इरादे से घुसे तीन संदिग्ध युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। चोरों को सबसे बड़ी सफलता संतोषी भंडार (संजय ट्रेडर्स) में मिली, जहां से वह लोग गल्ले में रखे 20 से 25 हजार रुपये नकद और राशन का सामान ले भागे। चोर इतने पेशेवर थे कि साक्ष्य मिटाने के लिए अपने साथ कटे हुए ताले भी उठा ले गए।

सुंदरनगर: थाने के सामने ही वारदात, एक गिरफ्तार
​हैरानी की बात यह है कि सुंदरनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने थाने के ठीक सामने स्थित पूजा भंडार, एक किराना दुकान और पान दुकान को निशाना बनाया।
​पूजा भंडार से चोरों ने करीब 15 हजार रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ किया। पान दुकान में चोरी की कोशिश कर रहे एक अपराधी को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके साथी भागने में सफल रहे।

व्यापारियों में भारी आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
​एक ही रात में हुई इन सिलसिलेवार वारदातों के बाद स्थानीय व्यापारियों में पुलिस के प्रति गहरा गुस्सा है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त केवल कागजों पर सिमट कर रह गई है।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौका-ए-मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तार चोर से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article