प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज में टूट की आशंका, कई दिग्गज बीजेपी में हो सकते हैं शामिल

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इस बार प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज में बड़े स्तर पर टूट की अटकलें लगाई जा रही हैं। पार्टी के संस्थापक सदस्यों और प्रमुख चेहरों के बीच असंतोष की खबरें सामने आ रही हैं। चर्चा है कि जन सुराज के कई प्रमुख रणनीतिकार और संस्थापक सदस्य सत्ताधारी दल भाजपा के संपर्क में हैं।

विकास ज्योति और अपर्णा यादव चर्चा में

खबर है कि जन सुराज से जुड़े कुछ प्रमुख नेता जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का रुख कर सकते हैं। इनमें खास तौर पर विकास ज्योति और अपर्णा यादव के नाम चर्चा में हैं। राजनीतिक गलियारों में इन अटकलों को उस समय और बल मिला, जब कुछ पोस्टरों और सोशल मीडिया पर विकास ज्योति और अपर्णा यादव को भाजपा नेताओं के साथ जोड़ा जाने लगा। इन पोस्टरों ने संभावित सियासी बदलाव की चर्चाओं को और हवा दे दी है।

प्रशांत किशोर के बेहद भरोसेमंद साथी

विकास ज्योति और अपर्णा यादव जन सुराज के सक्रिय और मुखर नेताओं में गिने जाते हैं।ये दोनों नेता प्रशांत किशोर के बेहद भरोसेमंद माने जाते थे और जमीनी स्तर पर संगठन को खड़ा करने में इनकी अहम भूमिका रही है। ये दोनों नेता पार्टी का पक्ष मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर मजबूती से रखते रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी उनकी सक्रियता देखने को मिली थी।

जल्द ले सकते हैं बीजेपी की सदस्यता

अब दावा किया गया है कि जन सुराज छोड़ने वाले नेता जल्द ही बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ इन नेताओं की बातचीत अंतिम दौर में है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के भीतर कुछ नेताओं में असंतोष की स्थिति बनी हुई है। संगठन की दिशा और भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिसके चलते कई नेता विकल्प तलाशते नजर आ रहे हैं।

Share This Article