चाईबासा में ‘खनन खेल’ पर संग्राम, मरांडी का CM सोरेन पर बड़ा आरोप—सत्ता संरक्षण में अवैध कारोबार!

KK Sagar
2 Min Read
Babulal marandi

झारखंड की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट के जरिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चाईबासा में डीएमएफटी और अवैध आयरन ओर परिवहन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मरांडी ने अपने ट्वीट में कहा कि चाईबासा में डीएमएफटी के नाम पर लंबे समय से गड़बड़ी चल रही है, लेकिन अब जो बातें सामने आ रही हैं, वे सीधे तौर पर सत्ता संरक्षण में भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने दावा किया कि रोजाना 40–60 हाईवा के जरिए अवैध आयरन ओर का परिवहन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय आदिवासी लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग खुद को मुख्यमंत्री का करीबी बताकर इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं और प्रशासनिक स्तर पर मिलीभगत के कारण यह अवैध कारोबार बिना रोक-टोक जारी है। मरांडी ने सवाल उठाया कि क्या यह सब प्रशासन की जानकारी के बिना संभव है।

अपने बयान में उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान दिखावे के लिए अवैध परिवहन रोक दिया जाता है, ताकि मामला दबा रहे। इससे यह संकेत मिलता है कि कानून व्यवस्था की जगह “मैनेजमेंट” का खेल चल रहा है।

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से मांग की कि यदि सरकार में जवाबदेही बची है तो इस अवैध कारोबार पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है, तो यह माना जाएगा कि सरकार की मौन सहमति इस पूरे मामले में शामिल है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....