तोपचांची के अभ्यर्थियों ने दिखाया दम, छठे दिन होमगार्ड भर्ती परीक्षा में कड़ी निगरानी

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद के बिरसा मुंडा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा के छठे दिन तोपचांची के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उम्मीदवारों ने 1600 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉट पुट, हिंदी लेखन परीक्षा के साथ-साथ हाइट, वेट और चेस्ट माप जैसे विभिन्न चरणों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त आदित्य रंजन मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पूरी बहाली प्रक्रिया बिना किसी पक्षपात के पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।

इस दौरान उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे समेत अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे और हर इवेंट की बारीकी से निगरानी करते नजर आए। वहीं परीक्षा संचालन में जिला समादेष्टा सूर्यकांत कुमार, डीएसपी मुख्यालय-1 शंकर कामती, कार्यपालक दंडाधिकारी रविन्द्र नाथ ठाकुर और जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय रहे।

प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। उपायुक्त ने साफ कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....