डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: परसुडीह के गोलपहाड़ी का रहने वाला 26 वर्षीय अविनाश कुमार, जिसके नदी में कूदने की आशंका ने पुलिस और परिजनों की नींद उड़ा दी थी, साकची में सुरक्षित मिल गया। मंगलवार रात डोबो पुल पर उसकी स्कूटी और मोबाइल लावारिस मिलने से हड़कंप मच गया था, लेकिन अंत में यह मामला पारिवारिक विवाद और तनाव से जुड़ा निकला।
क्या है पूरा मामला?
गोलपहाड़ी निवासी अविनाश मंगलवार रात करीब 11 बजे रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। जब परिजन उसकी तलाश करते हुए सोनारी स्थित डोबो पुल पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। पुल पर अविनाश की स्कूटी, मोबाइल फोन और चाबी लावारिस हालत में पड़ी थी। सामान बरामद होने के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि मानसिक तनाव के कारण अविनाश ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी होगी।
रात भर चला सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। पूरी रात टॉर्च की रोशनी में नदी के किनारों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन सुबह तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला था।
साकची में मिला युवक, तनाव बनी वजह
मामले में उस वक्त नया मोड़ आया जब पुलिस को सूचना मिली कि अविनाश साकची क्षेत्र में सुरक्षित है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बरामद किया। जांच में पता चला कि अविनाश पिछले कुछ समय से पारिवारिक कलह और पत्नी के साथ विवाद के कारण गहरे तनाव में था। वह सुसाइड का स्वांग रचकर या घर से दूर जाने के इरादे से सामान पुल पर छोड़कर निकल गया था। रात भर वह साकची गुरुद्वारा के पास एक किराये के मकान में छिपा हुआ था।
पुलिस कर रही है पूछताछ
अविनाश के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, पुलिस अभी भी इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि पुल पर अपनी स्कूटी छोड़ने के बाद वह साकची तक कैसे पहुंचा और इस ड्रामे के पीछे उसका मुख्य उद्देश्य क्या था। फिलहाल पुलिस युवक की काउंसलिंग कराने और मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।

