डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों के मद्देनजर झारखंड-बंगाल सीमा पर सुरक्षा और निगरानी सख्त कर दी गई है। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
स्पेशल टास्क फोर्स की छापेमारी
सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान अवैध शराब के प्रवाह को रोकना है।
इन इलाकों में हुई कार्रवाई
छापेमारी के दौरान प्रशासन ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण के अड्डों को निशाना बनाया।
कमलपुर थाना क्षेत्र: गोलकाटा में अवैध भट्टियों को तोड़ा गया।
बोड़ाम थाना क्षेत्र: डूंगरीडीह और दामोदरपुर में प्रशासन का डंडा चला।
भारी मात्रा में सामान बरामद और नष्ट
इस ऑपरेशन में पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने 4 अवैध चुलाई शराब भट्टियों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। लगभग 800 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट किया गया। करीब 35 लीटर तैयार अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
जंगल का फायदा उठाकर भागे आरोपी
प्रशासन की इस भनक लगते ही भट्टियों के संचालक और अवैध धंधे में शामिल लोग घने जंगल का सहारा लेकर भागने में सफल रहे। हालांकि, प्रशासन ने हार नहीं मानी है और संबंधित आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान थमेगा नहीं। चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में हमारी पैनी नजर है और ऐसी किसी भी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

