सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही बिहार में सियासी हलचल बढ़ गई है। नए सीएम सम्राट चौधरी से नेताओं के बधाई देने और मुलाकतों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में जेडीयू विधायक अनंत कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। उन्होंने सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर बधाई दी साथ ही क्षेत्र के लिए एक हॉस्पिटल की मांग की है।
मोकामा में अस्पताल बनाने की मांग
मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। जिसके बाद अनंत सिंह ने कहा कि मैंने सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर बधाई दी। मैंने मोकामा इलाके के लिए एक अस्पताल की मांग की। अनंत सिंह ने कहा कि मैंने सीएम से कहा कि आप मोकामा के लिए एक ऐसा बढ़ियां अस्पताल बना दें, जिससे लोगों को बार-बार इलाज के लिए पटना न आना पड़े। पटना आने से लोगों को भाड़ा किराया खर्च करना पड़ता है और परेशानी भी लोगों को होती है। सीएम ने उन्हें अस्पताल बनाने का भरोसा दिलाया है।
निशांत पर भी अनंत सिंह ने दी प्रतिक्रिया
वहीं, पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत के सरकार में शामिल नहीं होने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि वो अभी कुछ नहीं समझा, उसको मन हुआ कि अभी सीखेंगे, लेकिन बनना चाहिए था। जनता की मांग थी, लेकिन उसको लगा कि अभी क्षेत्र घूमेंगे। तो हम लोग क्या करें। उसको भी बढ़ाने में हम लोग मदद करते। मेरा तो बहुत मन था।
तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा
इस दौरान अनंत कुमार सिंह ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव का नाम लेने का कोई विशेष लाभ नहीं है और उनकी चर्चा सिर्फ इसलिए होती है क्योंकि वह लालू प्रसाद यादव के बेटे हैं।

