बिहार में आसमान से बरस रही “आग”, पारा 42 डिग्री के पार,पटना-गया में बदला स्कूलों का समय

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में धरती “तवे” के समान जल रही है और आसमान से “आग” बरस रहा है। राजधानी पटना में भीषण गर्मी पड़ रही है। पटना में सोमवार को सीजन का सबसे अधिक पारा रिकॉर्ड किया गया। 20 अप्रैल को पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इस हालत को देखते हुए पटना जिला‍धिकारी ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है।

स्कूलों के समय में बदलाव

पटना जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में कक्षा 5 तक की कक्षाओं का समय परिवर्तन किया गया है। पहली से पांचवीं, प्री-प्राइमरी एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में दोपहर 12.30 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब 5वीं तक के बच्चों की छुट्टी दोपहर 12.30 बजे तक करना अनिवार्य कर दिया गया है।

21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक लागू रहेगा आदेश

हालांकि, इससे ऊपर की कक्षाओं के लिए कोई पाबंदी फिलहाल नहीं है। यह आदेश आज मंगलवार 21 अप्रैल से शनिवार 25 अप्रैल तक लागू रहेगा। अभी दोपहर के समय ज्यादा गर्मी पड़ रही है और तापमान बढ़ रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

गया में 30 अप्रैल तक के लिए आदेश 

वहीं, गया जि‍ला प्रशासन ने भी ऐसा ही आदेश दिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी ने सभी विद्यालयों में कक्षाओं के संचालन को लेकर नया आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र एवं कोचिंग संस्थान में कक्षा 5वीं तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर दोपहर 12:30 बजे के बाद प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय प्रबंधन को इस आदेश का सख्ती से पालन करना होगा और उसी के अनुरूप कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करना होगा। यह आदेश 21 अप्रैल से लागू होकर 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा

तापमान 43-44 डिग्री तक पहुंचा

बता दें कि बिहार में प्रचंड गर्मी और उमस भरा मौसम रहने वाला है। आईएमडी पटना के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 38 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं, हवा की रफ्तार 10-35 किमी/घंटा रह सकता है। आईएमडी के अनुसार दक्षिण बिहार में गर्मी सबसे ज्यादा है। गया और रोहतास (देहरी) में सबसे अधिक तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। वहीं, पटना में भी तापमान 42-43 डिग्री तक पारा चढ़ सकता है। उत्तरी जिलों में अपेक्षाकृत काफी राहत है। आज पश्चिम चंपारण, मधुबनी, सुपौल और पूर्णिया में अधिकतम तापमान 35-39 डिग्री के बीच रह रह सकता है।

Share This Article