रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में मंगलवार को मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े मामलों को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष मो0 तौफीकुल हसन की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक का आयोजन व्यवहार न्यायालय रामगढ़ के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में किया गया, जिसमें आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी इंश्योरेंस कंपनियों एवं अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि लंबित मोटर व्हीकल एक्ट मामलों का अधिक से अधिक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
⚖️ 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत:
बैठक में जानकारी दी गई कि 9 मई 2026 को देशभर के सभी व्यवहार न्यायालयों में एक साथ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर रामगढ़ न्यायालय में तैयारी तेज कर दी गई है और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर जोर दिया जा रहा है।
👥 बैठक में रहे मौजूद:
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) उत्तम सागर राणा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनिल कुमार, जज इंचार्ज हर्षित तिवारी सहित इंश्योरेंस कंपनियों के अधिवक्ता एवं संबंधित पक्षों के वकील उपस्थित रहे।
🔎 क्या है मकसद?
इस पहल का उद्देश्य मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन कर पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना और न्यायालयों पर बढ़ते बोझ को कम करना है।

