सरकार नई जरूर है, लेकिन रास्ता पुराना…, विश्वास मत से पहले बोले विजय चौधरी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के लिए शुक्रवार परीक्षा का दिन होगा। बिहार की नई-नवेली सम्राट चौधरी सरकार का फ्लोर टेस्ट शुक्रवार को होना है। इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से उपमुख्यमंत्री डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने गुरुवार को प्रेस कॉफ्रेंस किया। विजय कुमार चौधरी ने पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ किया कि एनडीए सरकार 24 अप्रैल को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करेगी।

हम बड़े मजबूती से मत हासिल करेंगे-विजय चौधरी

डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा, “आप सबको एक चीज मालूम है, कल 24 को विधानसभा में सरकार विश्वास मत हासिल करेगी। कल इसी के लिए सत्र बुलाया गया है। हम बड़े मजबूती से मत हासिल करेंगे, साधारण बहुमत नहीं, मजबूत बहुमत है।

नीतीश कुमार की नीति पर चल रही सरकार

जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि सरकार नई जरूर है, लेकिन रास्ता पुराना है। यह सरकार पूरी तरह से नीतीश कुमार के बताए रास्ते पर चल रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले भी कह चुके हैं कि यह सरकार नीतीश कुमार के बताए रास्ते और नीति पर ही चल रही है। वर्तमान सरकार नीतीश कुमार के विजन को आगे बढ़ा रही है। आगे भी जनता के हित में ही निर्णय लिए जाएंगे।

नीतीश जी ने जो वादे किए वो पूरे करेंगे- विजय चौधरी

वहीं चुनाव में नीतीश कुमार द्वारा किए गए वादों पर जोर देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करना ही इस सरकार की प्राथमिकता है। हम बिहार की जनता को भरोसा दिलाना चाहते है, जनता से नीतीश कुमार को समर्थन दिया था,  जो वादे जनता से किए हैं, वो हम पूरा करेंगे. बिहार की जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।

तेजस्वी पर पलटवार

तेजस्वी यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए जेडीयू नेता ने कहा, तेजस्वी यादव अपनी सरकार के खजाना का लेखा जोखा मंगवा कर जनता के सामने रख लें। एनडीए सरकार में वित्त विभाग अब तक लाल घेरे में नहीं आई है। लेकिन, उस वक्त (2005 से पहले) हमेशा वित्त विभाग लाल घेरे में रहता था। सरकारी कर्मियों को समय से वेतन तक नहीं मिलता था। इसलिए तेजस्वी यादव पहले अपनी सरकार में वित्त की स्थिति का जायजा लें तब आरोप लगाएं।

Share This Article