जयपुर में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत, अंबेडकर सर्किल पर दिखा शक्ति प्रदर्शन

KK Sagar
2 Min Read

जयपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम बार जयपुर आगमन पर सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में विधायक गोपाल शर्मा के नेतृत्व में अंबेडकर सर्किल पर सबसे हटकर स्वागत हुआ। विधायक शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को गदा भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने जेसीबी, बुलडोजर, हाथी, ऊंट और घोड़ों पर सवार होकर पुष्पवर्षा की तथा ढोल-चंग, कच्ची घोड़ी नृत्य और लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वागत किया। प्रसिद्ध गायक मोहन बालोदिया ने लाइव प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और अधिक ऊर्जावान बना दिया। केसरिया साड़ियों में सजी-धजी महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। सिविल लाइंस क्षेत्र के शहीद परिवारों के परिजन, युद्ध पदक विजेता पूर्व सैनिक तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की दीर्घायु के लिए वैदिक विद्वानों द्वारा हवन-यज्ञ भी किया गया।

विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रथम जयपुर आगमन संगठन के लिए गौरव, प्रेरणा और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा, संगठन विस्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को लेकर कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत से कार्यकर्ताओं के मनोबल को अधिक मजबूती और अभूतपूर्व ऊर्जा देखने को मिली है। यह आगमन संगठन को नई दिशा और नई शक्ति प्रदान करेगा।

इससे पूर्व स्वागत को लेकर सिविल लाइंस क्षेत्र को विशेष रूप से सजाया गया। रंगोली, फूल-पौधे, केसरिया बाने, भगवा दुपट्टे, स्वागत द्वार, भगवा पताकाएं और आकर्षक सजावट से पूरा क्षेत्र सजा-धजा नजर आया। जगह-जगह होर्डिंग-बैनर, “भाजपा जिंदाबाद”, “नितिन नवीन जिंदाबाद” और “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। स्वागत स्थल पर पार्वती-शंकर झांकी, वानर सेना सहित विराट हनुमान स्वरूप, महाराणा प्रताप तथा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का ध्यान अपनी ओर खींचा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....