रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित विद्यानगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बहू ने अपने ही ससुर, चर्चित होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. केपी गुप्ता की कथित तौर पर तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।
जानकारी के अनुसार डॉ. केपी गुप्ता पिछले कुछ महीनों से पैरालाइसिस की बीमारी के कारण बेड पर थे। शनिवार दोपहर घर में उनकी पत्नी और बेटा खाना पहुंचाने दुकान गए हुए थे। इसी दौरान घर में मौजूद बहू निकिता ने वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद आरोपी महिला ने कथित रूप से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर सबूत मिटाने की कोशिश की। हालांकि, कैमरे का फुटेज पहले ही उसके पति के मोबाइल में रिकॉर्ड हो चुका था, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया।
परिजनों ने बताया कि बहू और ससुर के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बहू को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा और दहशत का माहौल बना हुआ है।

