रामगढ़ जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला खनन विभाग द्वारा योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया जा रहा है।
शनिवार को जिला खनन कार्यालय की टीम ने पतरातु थाना क्षेत्र के सांकुल गांव के पास छापेमारी करते हुए एक ब्लू रंग के स्वराज 834 XM ट्रैक्टर को पकड़ा। जांच के दौरान ट्रैक्टर पर करीब 100 घनफीट बालू लदा पाया गया। वहीं वाहन चालक के पास बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान या दस्तावेज नहीं मिला।
जांच में स्पष्ट हुआ कि ट्रैक्टर के मालिक और अज्ञात चालक द्वारा अवैध रूप से बालू का उठाव कर परिवहन किया जा रहा था। इसके बाद खनन विभाग ने ट्रैक्टर और उस पर लदे बालू को विधिवत जब्त कर लिया।
मामले में ट्रैक्टर मालिक और अज्ञात चालक के खिलाफ सरकारी संपत्ति की चोरी, खनन राजस्व को नुकसान पहुंचाने सहित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 और झारखंड लघु खनिज नियमावली के तहत पतरातु थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

