बाघमारा में कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए रविवार को CISF, BCCL प्रबंधन और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे मुहानों को बंद कराया गया तथा अवैध कोयला लदी दो बाइक जब्त की गईं।
जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल एरिया-4 अंतर्गत रामकनाली ओपी क्षेत्र में क्षेत्रीय प्रबंधन, सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कई अवैध मुहानों की भराई कराई। बताया जा रहा है कि इन मुहानों के जरिए लंबे समय से अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा था। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
वहीं दूसरी ओर बीसीसीएल ब्लॉक-2 क्षेत्र स्थित अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग परियोजना के समीप सीआईएसएफ की गश्ती टीम ने अवैध कोयला लदी दो बाइक जब्त की। दोनों बाइक पर बोरे में कोयला लादकर ले जाया जा रहा था। सीआईएसएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बाघमारा पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस अब जब्त बाइक और अन्य सुरागों के आधार पर अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि कोयला चोरी और अवैध खनन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

