धनबाद मंडल में चला ‘अपनी बोतल साथ लाएं, पर्यावरण बचाएं’ अभियान, यात्रियों को किया गया जागरूक

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद मंडल में “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” के दसवें दिवस के अवसर पर शनिवार को ‘अपनी बोतल साथ लाएं, पर्यावरण बचाएं’ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा रेलवे यात्रियों को पर्यावरण-अनुकूल यात्रा के लिए प्रेरित करना था।

अभियान के तहत मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्थापित वॉटर रीफिल पॉइंट्स और वाटर वेंडिंग मशीनों का निरीक्षण किया गया, ताकि यात्रियों को कम दरों पर स्वच्छ और शुद्ध पेयजल की निर्बाध सुविधा उपलब्ध हो सके। रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन परिसरों में लगे डिजिटल पोस्टर, डिस्प्ले बोर्ड और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से स्टील, तांबे अथवा अन्य पुनः उपयोग योग्य बोतलों के इस्तेमाल की अपील की। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि रेलवे ट्रैक और ड्रेनेज सिस्टम को भी अवरुद्ध करता है। ऐसे में यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....