डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और नो रूम की स्थिति को देखते हुए ईस्ट कोस्ट रेलवे ने यात्रियों को एक बड़ी राहत दी है। अगर आप भी इस तपती गर्मी में सफर करने की सोच रहे हैं और कंफर्म टिकट न मिलने से परेशान हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है। रेलवे ने भुवनेश्वर, नई दिल्ली और आनंद विहार (दिल्ली) के बीच चलने वाली दो जोड़ी (कुल चार) प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ने का फैसला किया है। चक्रधरपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली इन ट्रेनों में बर्थ की संख्या बढ़ने से यात्रियों को वेटिंग लिस्ट से निजात मिलेगी और कंफर्म टिकट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।
इन ट्रेनों में कब से कब तक लगेंगे अतिरिक्त कोच
ट्रेन नंबर 22805 (भुवनेश्वर – आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक सुपरफास्ट): इस ट्रेन में 25 मई से 30 मई तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जा रहा है।
ट्रेन नंबर 22806 (आनंद विहार टर्मिनल – भुवनेश्वर साप्ताहिक सुपरफास्ट): इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को 25 मई से 01 जून तक अतिरिक्त कोच की सुविधा मिलेगी।
ट्रेन नंबर 12281 (भुवनेश्वर – नई दिल्ली दुरन्तो एक्सप्रेस): भुवनेश्वर से चलने वाली इस प्रीमियम ट्रेन में 27 मई से 03 जून तक एक एक्स्ट्रा थर्ड एसी कोच रहेगा।
ट्रेन नंबर 12282 (नई दिल्ली – भुवनेश्वर दुरन्तो एक्सप्रेस): नई दिल्ली से वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए 28 मई से 04 जून तक यह अतिरिक्त कोच उपलब्ध रहेगा।
यात्रियों के लिए काम की बात
अतिरिक्त कोच जोड़े जाने से इन सभी ट्रेनों में हर फेरे में थर्ड एसी की सीटें बढ़ जाएंगी। जिन यात्रियों के टिकट वेटिंग में हैं, उनके टिकट कंफर्म होने के चांस अब बहुत ज्यादा हैं। आप रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट IRCTC या काउंटर पर जाकर अपनी बुकिंग की स्थिति देख सकते हैं।

