जमशेदपुर में हीटवेव का तांडव: भीषण गर्मी से 3 और लोगों ने तोड़ा दम, 4 दिनों में अब तक 8 मौतें, मौसम विभाग की चेतावनी-अभी राहत नहीं

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर इन दिनों भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में है। तेज धूप और उमस ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर में गर्मी का सितम इस कदर बढ़ गया है कि अब यह लोगों की जान लेने लगा है। रविवार को शहर में अलग-अलग जगहों पर तीन और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद पिछले चार दिनों में हीटवेव से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8 हो गया है। सरकारी और निजी अस्पतालों में भी गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है।

इन तीन इलाकों में हुई मौतें
बिष्टुपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के कोल्ड स्टोरेज के समीप रविवार दोपहर तेज धूप के कारण एक अधेड़ व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष उर्फ राजू के रूप में हुई है।
बर्मामाइंस: बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ट्यूब कंपनी के पास रविवार शाम एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। बुजुर्ग के नाक से खून बह रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार वे पेड़ के नीचे बैठे थे और अचानक गिर पड़े। आशंका है कि तेज गर्मी और लू के कारण उनकी जान गई।
पोटका (हल्दीपोखर): पोड़ाडीहा पंचायत के मटियाल निवासी 30 वर्षीय मोहन सरदार शनिवार को हल्दीपोखर हाट से सामान खरीदकर लौट रहे थे। रास्ते में लाग्युरासाई गांव के पास तबीयत बिगड़ने पर वे एक पेड़ के नीचे सो गए, जहां कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।

ड्यूटी के दौरान BLO बेहोश
​गर्मी का असर प्रशासनिक कार्यो पर भी दिख रहा है। मानगो नगर निगम क्षेत्र के एक बूथ पर एसएसआर कार्य के लिए तैनात एक बीएलओ भीषण गर्मी और चक्कर आने के कारण जमीन पर गिर पड़े। इस घटना के बाद बूथ पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें संभालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और इसकी सूचना जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को दी।

मौसम विभाग का अलर्ट: 42 डिग्री तक जाएगा पारा, अभी राहत नहीं
​मौसम विभाग के अनुसार जमशेदपुर वासियों को फिलहाल इस चिलचिलाती धूप और उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले कुछ दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 29 मई और 3 जून के आसपास आंशिक रूप से बारिश होने की संभावना जरूर है, लेकिन इससे तापमान में कोई स्थायी गिरावट नहीं आएगी। बीते रविवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share This Article