PALAMU NEWS – भीषण गर्मी में आमजनों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी नैतिक जिम्मेदारी :उपायुक्त

KK Sagar
2 Min Read

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को एनआईसी सभागार से ऑनलाइन माध्यम से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय एवं सहायक अभियंताओं तथा सभी बीडीओ के साथ बैठक की।बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर आमजनों एवं राहगीरों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना था।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि पलामू की गर्मी अपने उच्च तापमान के लिए जानी जाती है।ऐसे में चिलचिलाती धूप में लोगों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर भीड़भाड़ वाले बाजार, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित करते हुए वहां प्याऊ एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें।उपायुक्त श्री शेखावत ने नगर निगम क्षेत्र में सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर प्याऊ की व्यवस्था करने, पाइपलाइन लीकेज वाले स्थानों को चिन्हित कर त्वरित मरम्मत कराने, स्टैंड पोस्ट में टैप कनेक्शन सुनिश्चित करने तथा जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से नियमित जलापूर्ति कराने का निर्देश दिया।वहीं ग्रामीण क्षेत्रों को लेकर उन्होंने बंद पड़े चापाकलों एवं जलमीनारों की शीघ्र मरम्मत कर चालू कराने, पेयजल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान करने तथा जहां जलस्तर नीचे चला गया है वहां टैंकर के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि इस कार्य में सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके।इस अवसर पर एनआईसी के सभागार में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....